
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का जायजा लेंगे CM योगी, 15 नवंबर को करेंगे निरीक्षण
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 15 नवंबर को जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। यह दौरा एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए निर्धारित किया गया है। सीएम योगी इस दौरान अधिकारियों और परियोजना से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अब तक पूरे हुए कार्यों का जायजा लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है और अब अंतिम चरण के कार्य तेजी से जारी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे और अन्य प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर का निरीक्षण करेंगे। साथ ही, वह यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे।
यह हवाई अड्डा उत्तर भारत का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने जा रहा है, जो दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आएगा। इससे प्रदेश में रोजगार के अवसरों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके पहले चरण का उद्घाटन दिसंबर के पहले सप्ताह में कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी के इस दौरे को परियोजना की समयसीमा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। उन्होंने पहले ही अधिकारियों को निर्देश दिया था कि नोएडा एयरपोर्ट का कार्य तय समय में हर हाल में पूरा होना चाहिए ताकि यह प्रदेश के विकास की नई पहचान बन सके।





